06/15/2026 विश्व रक्तदाता दिवस पर यशोदा हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर का आयोजन
आपके एक महादान से बच सकती हैं 4 जानें
विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में यशोदा हॉस्पिटल नेहरू नगर एवं यशोदा हॉस्पिटल संजय नगर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस महादान अभियान में 120 लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
रक्तदान शिविर का आयोजन सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण में किया गया, जहाँ रक्तदाताओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया। दर्दरहित, स्वच्छ एवं सरल प्रक्रिया के साथ संपन्न हुए इस रक्तदान शिविर में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और रक्तदान के महत्व को समझते हुए इस जनहितकारी पहल का हिस्सा बने।
इस अवसर पर डॉ. (कमांडेंट) प्रमोद यादव, एचओडी – ब्लड बैंक एवं ट्रांसफ्यूजन सर्विसेज़ ने सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने रक्तदाताओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान समाज के लिए एक महत्वपूर्ण सेवा है, जो आवश्यकता के समय मरीजों को जीवनदायी सहायता प्रदान करती है।
यशोदा हेल्थकेयर समूह द्वारा आयोजित यह रक्तदान शिविर समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास रहा। इसी के साथ यशोदा हेल्थकेयर समूह सभी स्वस्थ व्यक्तियों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करता है तथा समाज में सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु इस महादान में सक्रिय सहभागिता का प्रण लेता है।