05/13/2026 नर्सें हैं स्वास्थ्य व्यवस्था की असली ताकत : यशोदा हॉस्पिटल, नेहरू नगर, संजय नगर एवं वसुन्धरा, गाज़ियाबाद में अंतर्राष्ट्रीय नर्सेज दिवस पर उत्कृष्ट नर्सों का सम्मान
अस्पतालों की रीढ़ कही जाने वाली नर्सें हमारे स्वास्थ्य तंत्र का सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। यदि नर्सें न हों तो मरीजों की देखभाल प्रभावित होगी, अस्पतालों की व्यवस्था बाधित हो जाएगी और पूरा स्वास्थ्य ढांचा चरमरा जाएगा। 24×7 मरीजों की सेवा में समर्पित नर्सें अपनी निःस्वार्थ सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता से न केवल मरीजों को शीघ्र स्वस्थ होने में मदद करती हैं, बल्कि अस्पताल में उनके प्रवास के दौरान परिवार की तरह उनका साथ भी निभाती हैं। ऐसे में उन्हें सम्मान देना उतना ही आवश्यक है, जितना कि उनका निरंतर हमारे स्वास्थ्य, सुख-दुख और देखभाल में समर्पित रहना।
इन्हीं वास्तविक स्वास्थ्य योद्धाओं को सम्मानित करने, उनका अभिनंदन करने एवं उनके योगदान को सलाम करने के उद्देश्य से यशोदा अस्पताल की नेहरू नगर, संजय नगर एवं वसुंधरा इकाइयों में 12 मई 2026 को अंतर्राष्ट्रीय नर्सेज दिवस मनाया गया। इस अवसर पर अस्पताल द्वारा नर्सों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। यशोदा अस्पताल, नेहरू नगर के कार्यक्रम में मेडिकल डायरेक्टर डॉ. (मेजर) सचिन दुबे एवं नर्सिंग सुपरिटेंडेंट सुश्री मीनू यादव की उपस्थिति में उत्कृष्ट क्लिनिकल नर्सों को सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ नर्सों का चयन मरीजों एवं चिकित्सकों द्वारा दिए गए फीडबैक, प्रशिक्षण, शिक्षा तथा उनके द्वारा किए गए विशेष प्रयासों एवं पहलों के आधार पर किया गया। वही यशोदा अस्पताल, संजय नगर के कार्यक्रम के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी (चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर) श्री अजय चौधरी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संगीता गर्ग एवं निदेशक, मेडिकल ऑन्कोलॉजी डॉ. (मेजर जनरल) बी.एन. कपूर ने नर्सों को सम्मानित किया।
इस वर्ष की थीम “हमारी नर्सें, हमारा भविष्य। सशक्त नर्सें जीवन बचाएं” के अनुरूप, जिसे इंटरनेशनल काउंसिल ऑफ नर्सेजद्वारा निर्धारित किया गया है, अस्पताल की नर्सें दिन-रात मरीजों की सेवा एवं उनके स्वास्थ्य की देखभाल में तत्पर रहती हैं। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अजय चौधरी ने कहा, “नर्सों का योगदान डॉक्टरों जितना ही महत्वपूर्ण है, बल्कि कई बार उससे भी अधिक होता है। इसलिए जिस प्रकार वे हमारी देखभाल करती हैं, उसी प्रकार उनके स्वास्थ्य, कल्याण एवं सशक्तिकरण पर ध्यान देना भी अत्यंत आवश्यक है।” नर्सिंग सुपरिटेंडेंट सुश्री मीनू यादव ने कहा, “मैं सभी नर्सों को प्रोत्साहित करती हूँ कि वे अपने समय और ऊर्जा का निवेश स्वयं को सशक्त बनाने में करें। केवल सशक्त होकर ही हम समाज के जीवन की रक्षा कर सकते हैं।”
हर वर्ष 12 मई को आधुनिक नर्सिंग की जननी एवं प्रसिद्ध अंग्रेज समाज सुधारक फ्लोरेंस नाइटिंगेल की जयंती के उपलक्ष्य में अंतर्राष्ट्रीय नर्सेज दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर यशोदा ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स ने सभी नर्सों को अंतर्राष्ट्रीय नर्सेज दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए उनके निःस्वार्थ समर्पण, अथक सेवा एवं मानवता के प्रति उनके योगदान को नमन किया।