इम्यूनोथेरेपी और टारगेटेड थेरेपी क्या हैं?
पिछले दो दशकों में कैंसर उपचार के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। एक समय था जब कैंसर के उपचार के प्रमुख विकल्प सर्जरी, कीमोथेरेपी और रेडियोथेरेपी तक सीमित थे। आज के समय में चिकित्सा विज्ञान ने इम्यूनोथेरेपी और टारगेटेड थेरेपी जैसी अत्याधुनिक उपचार पद्धतियों का विकास किया है, जिन्होंने कैंसर उपचार की दिशा ही बदल दी है। इन आधुनिक तकनीकों ने अनेक रोगियों के लिए नई आशा का द्वार खोला है।
इनका उद्देश्य केवल कैंसर कोशिकाओं को नष्ट करना ही नहीं, बल्कि उपचार को अधिक सटीक, प्रभावी और अपेक्षाकृत कम दुष्प्रभाव वाला बनाना भी है। आज के समय में कैंसर उपचार तेजी से पर्सनलाइज्ड मेडिसिन या प्रिसीजन मेडिसिन की ओर बढ़ रहा है, जहाँ प्रत्येक रोगी के कैंसर की जैविक एवं आनुवंशिक विशेषताओं के अनुसार उपचार का चयन किया जाता है। इस आधुनिक चिकित्सा की सबसे बड़ी यही विशेषता है।
इम्यूनोथेरेपी क्या है?
हमारे शरीर में एक प्राकृतिक सुरक्षा तंत्र होता है, जिसे प्रतिरक्षा प्रणाली (Immune System) कहा जाता है। यह सामान्य परिस्थितियों में वायरस, बैक्टीरिया और अन्य हानिकारक तत्वों के साथ-साथ असामान्य कोशिकाओं को भी पहचानकर नष्ट करने का कार्य करता है। लेकिन कैंसर कोशिकाएँ अत्यंत चतुर होती हैं। वे कई बार स्वयं को इस प्रकार छिपा लेती हैं कि प्रतिरक्षा प्रणाली उन्हें पहचान नहीं पाती। परिणामस्वरूप वे शरीर में बढ़ती रहती हैं।
इम्यूनोथेरेपी ऐसी आधुनिक उपचार पद्धति है, जो शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को सक्रिय, सशक्त और अधिक प्रभावी बनाती है एवं साथ ही, वह कैंसर कोशिकाओं की पहचान कर उन पर प्रभावी हमला कर सके।
सरल शब्दों में कहा जाए तो इम्यूनोथेरेपी शरीर की अपनी “रक्षा सेना” को प्रशिक्षित और मजबूत बनाकर कैंसर से लड़ने में सहायता करती है।
इम्यूनोथेरेपी कैसे काम करती है?
इम्यूनोथेरेपी की कई विधियाँ उपलब्ध हैं। इनमें सबसे अधिक उपयोग इम्यून चेकपॉइंट इनहिबिटर्स का होता है। सामान्यतः प्रतिरक्षा प्रणाली में कुछ “ब्रेक” (Checkpoints) होते हैं, जो उसे आवश्यकता से अधिक सक्रिय होने से रोकते हैं। कई कैंसर कोशिकाएँ इन्हीं ब्रेक का दुरुपयोग करके प्रतिरक्षा प्रणाली से बच निकलती हैं।
इम्यूनोथेरेपी इन “ब्रेक” को हटाने का कार्य करती है, जिससे प्रतिरक्षा कोशिकाएँ पुनः सक्रिय होकर कैंसर कोशिकाओं पर प्रभावी हमला कर पाती हैं।
किन-किन कैंसरों में इसका उपयोग होता है?
इम्यूनोथेरेपी ने अनेक प्रकार के कैंसर में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है, जैसे:
- फेफड़ों का कैंसर
- त्वचा का मेलेनोमा
- गुर्दे का कैंसर
- मूत्राशय का कैंसर
- सिर एवं गर्दन के कुछ कैंसर
- यकृत के कुछ कैंसर
- कुछ प्रकार के लिम्फोमा तथा अन्य रक्त कैंसर
हालाँकि यह उपचार हर रोगी के लिए उपयुक्त नहीं होता। उपचार का निर्णय कैंसर के प्रकार, उसकी अवस्था तथा विशेष जैविक परीक्षणों के आधार पर विशेषज्ञ मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट द्वारा दिया जाता है।
टारगेटेड थेरेपी क्या है?
टारगेटेड थेरेपी कैंसर उपचार की अत्यंत सटीक और वैज्ञानिक पद्धति है। इसमें ऐसी दवाओं का उपयोग किया जाता है, जो कैंसर कोशिकाओं के भीतर मौजूद विशेष जीन (Genes), प्रोटीन (Proteins) या आणविक परिवर्तनों (Molecular Alterations) को लक्ष्य बनाती हैं।
इस उपचार की यही सबसे बड़ी विशेषता होती है कि यह मुख्यतः कैंसर कोशिकाओं पर कार्य करता है, जबकि सामान्य कोशिकाओं को अपेक्षाकृत कम नुकसान पहुँचाता है। इसलिए कई रोगियों में इसके दुष्प्रभाव पारंपरिक कीमोथेरेपी की तुलना में कम हो सकते हैं।
टारगेटेड थेरेपी कब दी जाती है?
यह उपचार तभी प्रभावी सिद्ध होता है, जब रोगी के कैंसर में कोई विशेष बायोमार्कर या जीन परिवर्तन (Gene Mutation) मौजूद हो। इसी कारण उपचार शुरू करने से पहले निम्न जाँचें की जाती हैं:
- बायोमार्कर परीक्षण
- जीन परीक्षण (Genetic Testing)
- मॉलिक्यूलर प्रोफाइलिंग
- नेक्स्ट जेनरेशन सीक्वेंसिंग (NGS), जहाँ आवश्यक हो
इन जाँचों के आधार पर यह तय किया जाता है कि कौन-सी दवा रोगी के लिए सबसे अधिक लाभकारी सिद्ध हो सकती है।
किन-किन कैंसरों में इसका उपयोग होता है?
टारगेटेड थेरेपी विशेष रूप से निम्न कैंसरों में प्रभावी सिद्ध हुई है:
- स्तन कैंसर
- फेफड़ों का कैंसर
- बड़ी आंत (कोलोरेक्टल) का कैंसर
- ल्यूकेमिया
- कुछ प्रकार के लिम्फोमा
- थायरॉयड तथा अन्य चुनिंदा कैंसर
क्या यह उपचार कीमोथेरेपी से बेहतर हैं?
यह प्रश्न अक्सर पूछा जाता है। जिसका उत्तर है—हर बार नहीं।
इम्यूनोथेरेपी और टारगेटेड थेरेपी कई मामलों में कीमोथेरेपी की तुलना में अधिक सटीक और कम दुष्प्रभाव वाली हो सकती हैं, लेकिन ये सभी रोगियों के लिए उपयुक्त नहीं होतीं। कई बार सर्वोत्तम परिणाम प्राप्त करने के लिए:
- सर्जरी
- रेडियोथेरेपी
- कीमोथेरेपी
- इम्यूनोथेरेपी
- टारगेटेड थेरेपी
का संयोजन किया जाता है।
उपचार का चयन हमेशा कैंसर के प्रकार, स्टेज, रोगी की आयु, सामान्य स्वास्थ्य, जाँच रिपोर्ट तथा आनुवंशिक विशेषताओं के आधार पर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया जाता है।
इसके संभावित दुष्प्रभाव
यद्यपि इन आधुनिक उपचारों के दुष्प्रभाव सामान्यतः कम होते हैं, फिर भी कुछ रोगियों में समस्याएँ हो सकती हैं।
इम्यूनोथेरेपी के संभावित दुष्प्रभाव:
- त्वचा पर चकत्ते
- खुजली
- थकान
- दस्त
- फेफड़ों में सूजन
- यकृत या आंतों में सूजन
- हार्मोन ग्रंथियों की कार्यक्षमता में परिवर्तन
चूँकि यह प्रतिरक्षा प्रणाली को सक्रिय करती है, इसलिए कभी-कभी शरीर की सामान्य कोशिकाएँ भी प्रभावित हो सकती हैं।
टारगेटेड थेरेपी के संभावित दुष्प्रभाव:
- त्वचा पर दाने या चकत्ते
- उच्च रक्तचाप
- दस्त
- थकान
- हाथ-पैरों में सूजन
- यकृत की कार्यक्षमता में परिवर्तन
- कुछ दवाओं से हृदय या अन्य अंगों पर विशेष प्रभाव
इसी कारण उपचार के दौरान नियमित रक्त जाँच, चिकित्सकीय परीक्षण तथा फॉलो-अप अत्यंत आवश्यक हो जाते हैं।
यह भी पढ़ें: कैंसर का इलाज कैसे किया जाता है?
आधुनिक कैंसर उपचार की एक नई दिशा
आज कैंसर उपचार में सबसे बड़ा परिवर्तन यह आया है कि अब “एक ही इलाज सभी के लिए” की पुरानी अवधारणा समाप्त हो रही है। प्रत्येक रोगी के कैंसर की जैविक और आनुवंशिक विशेषताओं को समझकर उसके अनुरूप व्यक्तिगत उपचार योजना बनाई जा रही है।
इसी कारण अनेक रोगी आज पहले की तुलना में अधिक समय तक स्वस्थ जीवन जी रहे हैं और उनकी जीवन-गुणवत्ता (Quality of Life) में भी उल्लेखनीय सुधार हो चुका है।
आवश्यक सावधानियाँ
इम्यूनोथेरेपी और टारगेटेड थेरेपी कैंसर उपचार की आधुनिक चिकित्सा की दो महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हैं। ये उपचार अनेक रोगियों के लिए नई आशा लेकर आए हैं और कई प्रकार के कैंसरों में बेहतर परिणाम दे रहे हैं।
हालाँकि ये सभी रोगियों के लिए उपयुक्त नहीं होते, इसलिए इनका चयन केवल आवश्यक जाँचों एवं बायोमार्कर तथा आनुवंशिक परीक्षणों और अनुभवी मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट की सलाह के आधार पर ही करना उचित होता है।
अवश्य याद रखें
आधुनिक कैंसर उपचार का उद्देश्य केवल रोग को नियंत्रित करना या जीवन बचाना ही नहीं, बल्कि रोगी को अधिक स्वस्थ, सक्रिय और बेहतर गुणवत्ता वाला जीवन प्रदान करना भी है।
सही समय पर सही जाँच और सही उपचार इस दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम साबित होता है।
यह भी पढ़ें: रेडियोथेरेपी यानी रेडिएशन थेरेपी क्या है?
